पं.बंगाल के कैबिनेट मंत्री उमेश राय को जूट से जुड़ी समस्याएं बताते संजय गुप्ता। स्रोत- स्वयं
- फोटो : Samvad
पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री उमेश राय ने सोमवार को जिले का दौरा कर कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की प्रशासनिक समिति के सदस्य संजय गुप्ता की कालीन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जूट से बनने वाली कालीनों की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संजय गुप्ता ने मंत्री को कालीन उद्योग की विभिन्न समस्याओं, विशेषकर जूट की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से उत्पन्न चुनौतियों से अवगत कराया। संजय गुप्ता ने बताया कि कालीन उद्योग में प्रयुक्त अधिकांश जूट पश्चिम बंगाल से मंगाई जाती है। पिछले छह से आठ महीनों में जूट की कीमतों में लगभग 150 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। करीब आठ माह पहले अच्छी गुणवत्ता की जूट 105 रुपये प्रति किलोग्राम मिलती थी, जिसकी कीमत अब बढ़कर लगभग 270 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इसके साथ ही जूट की गुणवत्ता में भी गिरावट आई है।
उन्होंने कहा कि जूट महंगी होने से जूट आधारित कालीनों की उत्पादन लागत में काफी वृद्धि हुई है, जिससे निर्यातकों और उद्यमियों के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती बढ़ गई है। उन्होंने जूट की कीमतों को नियंत्रित करने तथा पश्चिम बंगाल से जूट की आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर कराने की मांग की, ताकि उद्योग को राहत मिल सके। इस अवसर पर गोपीगंज के पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रह्लाद दास गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री उमेश राय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।