चौरी के वेदमनपुर में कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते कार्डधारक।
- फोटो : BHADOHI
चौरी। लॉकडाउन में राशन वितरण में गड़बड़ी नहीं रुक रही है। कोटेदारों की मनमानी से कार्डधारक परेशान हो गए हैं। दो माह से राशन न देने का आरोप लगाकर रविवार को भदोही के वेदमनपुर कोटेदार के खिलाफ कार्डधारक सड़क पर उतर गए। प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण शिवनाथ सरोज, खुर्शीद, जैबुन निशां, कोमल, राजेश, नसीम, जुबैदा, रामजीत, अकबाल, डब्बू, गुलजार, मुंशी अली, राजू सरोज, गुफरान, सीता, पार्वती देवी, इश्तियाक ने कहा कि लॉकडाउन में मुख्यमंत्री की ओर से राशन कार्ड न होने पर भी राशन देने का निर्देश दिया है लेकिन वेदमनपुर में कार्डधारकों को भी राशन नहीं मिल पा रहा है। पात्र गृहस्थी, अंत्योदय कार्डों पर राशन वितरण कराने का आदेश जिलापूर्ति विभाग को दे दिया लेकिन कोटेदार विभाग को ताक पर रखकर मनमानी कर रहा हैं। कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि मार्च के बाद अप्रैल में भी राशन नहीं मिल सका। कोटेदार से पूछने पर धमकाया जाता है।
आपूर्ति निरीक्षक, तहसील प्रशासन से शिकायत की गई लेकिन मनबढ़ कोटेदार के खिलाफ किसी ने यह जानने की हिम्मत नहीं जुटाई कि हकीकत क्या है। अधिकारी भी जांच के नाम पर मिलीभगत कर गरीबों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम एके मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में है जांच में शिकायत सही मिलने पर कोटेदार के खिलाफ सख्त कदम उठेगा।