ज्ञानपुर। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राम सिंह ने सोमवार को स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। सुरियावां और ज्ञानपुर में जांच के दौरान कमी मिलने पर 12 वाहनों का चालन किया जबकि तीन को सीज किया।
स्कूल प्रबंधकों को हिदायत दिया कि सभी कागजात दुरूस्त होने पर ही वाहनों को चलाएं। एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। प्राइवेट विद्यालय प्रबंधन की तरफ से बिना वाहनों का फिटनेस कराए ही संचालन शुरू कर दिया गया। पिछले दिनों डीएम शैलेष कुमार ने बैठक में ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्ती का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में एआरटीओ ने टीम के साथ सुरियावां, ज्ञानपुर और भदोही में स्कूली वाहनों की जांच किया। इस दौरान कई नामी गिरामी विद्यालयों के वाहन का फिटनेस जहां फेल मिला वहीं जरूरी कागजात भी सही नहीं मिले। एआरटीओ ने बताया कि 12 वाहनों का चालान जबकि तीन को थानों में सीज किया गया। उन्होंने बताया कि वाहनों की जांच में कर जमा न होना, वैध परमिट का अभाव, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं बीमा प्रमाण पत्र की कमी पाई गई, जो कि मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत गंभीर उल्लंघन है। वाहन स्वामियों को निर्देश दिया कि वह अपने वाहनों के सभी कागजात दुरूस्त कराएं। चेतावनी दिया कि भविष्य में मिलने पर पंजीयन निलंबित कर दिया जाएगा। संवाद