भदोही। ओवर लोड वाहनों से आए दिन जर्जर हो रही सड़कों का अब जाकर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। डीएम आर्यका आखौरी और पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह के निर्देश पर बीती रात नगर के इंदिरा मिल चौराहे पर ओवर लोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर 30 ट्रक सीज किए गए। सभी ट्रकों को कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया जिन्हें जमुनीपुर स्थित बस स्टेशन प्रांगण में रखा गया है।
सोमवार की रात लगभग 9 बजे अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक आरके वर्मा भारी पुलिस बल के साथ इंदिरा मिल चौराहे पर पहुंच गए। रात में भदोही-वाराणसी मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव प्रतिदिन बढ़ जाता है। इसको देखते हुए वाराणसी की ओर से आकर जौनपुर की ओर जाने वाले एक एक वाहनों की जांच की। इस रात लगभग 11 बजे तक चले अभियान में कुल 31 वाहन ओवर लोड मिले जिन्हें सीज कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। रात की कार्रवाई के प्रति जिला प्रशासन गंभीर रहा। बड़ी कार्रवाई का ऐसे अंदाजा लग जाता है कि इसके लिए कई थानों की पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई की गई।
इस बावत सीओ प्रयांक जैन ने बताया कि मानक के अनुसार ही ट्रकों को लोड किया जा सकता है। ओवर लोड होने से सड़कों को नुकसान तो होता ही है दुर्घटना का कारण भी बनते हैं। बताया कि यह अभियान लगातार चलेगा। कार्रवाई से चौरी रोड से लेकर जौनपुर सीमा तक वाहनों में खलबली का आलम रहा। रात भारी पुलिस बल देख कर पहले तो लोग माजरा समझ नहीं पाए। लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई कि वाहनों की जांच हो रही है। कार्रवाई में एसडीएम योगेंद्र कुमार और कोतवाल सदानंद सिंह भी साथ साथ थे।