मकर संक्रांति नजदीक आ रही है। इसी के साथ नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पतंग और मांझे की दुकानें भी खुल चुकी हैं। रविवार को इन दुकानों में जानलेवा चीनी मंझे तथा बाजार में प्रतिबंधित पॉलिथीन की जांच को उपजिलाधिकारी भान सिंह और पालिका ईओ धर्मराज सिंह बाजार में निकल पड़े।
अभियान में दुकानदारों से 35 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करने के साथ साढ़े 17 हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम और ईओ अपने कर्मचारियों के साथ नगर के कटरा बाजार, लोहराना गली, अजिमुल्लाह चौराहा, लिप्पन तिराहा आदि पहुंचे। भारी संख्या में खुली स्थायी और अस्थायी पतंग की दुकानों पर बिक रहे मांझे की जांच की गई।
जांच के दौरान दुकानदारों में हलचल मची रही। कई दुकानदारों ने सूचना पाकर अपनी दुकान बंद कर इधर-उधर चले गए।
हालांकि अधिकारी जहां गए वहां विशेष सफलता नहीं मिली। फिर भी लोगों को चीनी मांझे से होने वाले नुकसान से अवगत कराया और बिक्री पर प्रतिबंध के बारे में बताया। लोगों को चेताया भी गया। इस दौरान कुछ दुकानों में रखे प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त कर जुर्माना वसूला गया।
ईओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मकर संक्रांति तक जांच अभियान चलाया जाएगा। साथ में कोतवाली प्रभारी अश्विनी त्रिपाठी, तहसीलदार संजय कुमार, पालिका के अशोक कुमार, मिथलेश कुमार, अनिल कुमार आदि रहे।