ज्ञानपुर। विभिन्न कारणों से खाली हुईं जिले के दो गांवों की ग्राम प्रधानी की सीटों पर सोमवार को उपचुनाव कराया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में दोनों गांवों में 55.66 फीसदी मतदान हुआ। भदोही ब्लॉक के उधवां माफी गांव में 60.18 फीसदी और सुरियावां ब्लॉक के बरमोहनी गांव में 51.15 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस के अधिकारी चक्रमण करते रहे।
भदोही ब्लॉक के उधवा माफी गांव के प्रधान बेचूलाल मौर्य के निधन के बाद खाली हुई थी। चुनाव के लिए प्राथमिक विद्यालय उधवा माफी मतदान केंद्र पर चार बूथों पर सोमवार को मतदान कराया गया। गांव के कुल 1976 मतदाताओं में से 1191 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह यहां का मतदान प्रतिशत 60.18 फीसदी रहा। इस गांव में प्रधानी के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाष्कर मौर्य, सभाजीत यादव और पवन कुमार मौर्या शामिल हैं।
सुरियावां विकास खंड की ग्राम पंचायत बरमोहनी सीट ग्राम प्रधान देवी प्रसाद के निधन से खाली हो गई थी। इसके बाद उपचुनाव कराने का निर्देश हुआ। सोमवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में चार बूथों पर चुनाव कराया गया। यहां कुल 2076 मतदाताओं में से 1062 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे यहां 51.15 फीसदी मतदान हुआ। अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित इस सीट पर चुनाव मैदान में कुल पांच प्रत्याशी हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। भदोही एसडीएम आशीष मिश्रा, भदोही सीओ भूषण वर्मा ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। मतदान करने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के मुकाबले अधिक देखी गई।