लालानगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए 15 अगस्त से बड़ी राहत मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण आगामी 15 अगस्त से निजी चारपहिया वाहनों के लिए वार्षिक फास्टैग पास की सुविधा शुरू करने जा रहा है। नई व्यवस्था टोल टैक्स भुगतान को और अधिक सुविधाजनक व किफायती बनाएगी।
जिले में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर लालानगर के पास बने टोल प्लाजा से हर दिन 12 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इसमें करीब साढ़े चार से पांच हजार निजी वाहन होते हैं। तमाम लोग ऐसे होते हैं, जो अपने व्यावसायिक व निजी कार्यों से हर दिन यात्रा करते हैं और उन्हें कई बार टोल टैक्स देना होता है। इससे उनकी जेब पर चपत लगती है। हालांकि 15 अगस्त के बाद अगर वे पास बनवाते हैं तो उन्हें इस तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। एनएचएआई की इस नई सुविधा के तहत, निजी कार, जीप, वैन (नॉन-कॉमर्शियल वाहन) मालिक केवल 3,000 रुपये का वार्षिक शुल्क देकर एक साल के भीतर 200 बार देशभर के किसी भी एनएचएआई के टोल प्लाजा को पार कर सकेंगे। तय सीमा के बाद यह पास स्वतः सामान्य फास्टैग में बदल जाएगा और फिर टोल का भुगतान मौजूदा दरों पर करना होगा। इसमें खास बात है कि अगर आप लालानगर टोल को एक बार पार कर जाते हैं और फिर शाम को लौटते हैं तो इसकी गिनती दो होगी।
टोल के प्रबंधक राकेश रंजन ने बताया कि हाईवे का वार्षिक पास प्राप्त करने के लिए यूजर को राजमार्ग यात्रा एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद एप में एनुअल पास का एक विकल्प आएगा। वहां क्लिक करने के बाद पेमेंट का ऑप्शन आएगा। मोबाइल एप के माध्यम से ही पेमेंट करने के उपरांत वह ऑटोमेटिक आपके फास्ट टैग से अटैच होकर जेनरेट हो जाएगा। बताया कि अभी तक यह पास ऑप्शनल है। कोई व्यक्ति चाहे तो इसे बना सकता है।