औराई तहसील के झिंगरपुर बिंद बस्ती में तालाब पर कराए गए अवैध निर्माणों को रविवार को प्रशासन ने ढहवा दिया। दो जेसीबी मशीन से 29 कच्चे और पक्के मकानों को ध्वस्त किया गया। इससे गांव में खलबली मची रही। ग्रामीणंो ने विरोध करने की कोशिश की पर फोर्स को देख वह शांत हो गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तालाब को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया।
औराई तहसील के झिंगरपुर गांव में स्थित तालाब संख्या 453 पर पिछले कई दशक से राम विलास बिंद, फूलचंद्र बिंद समेत 29 लोगों ने अवैध अतिक्रमण किया था। वहां पर कब्जा करने वालों ने कच्चा और पक्का मकान भी बना लिया था। अतिक्रमण हटाने को लेकर तहसील से लेकर जिलाप्रशासन को कुछ ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र दिया लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने तालाब से कब्जा हटाने के लिए हाईकोर्ट में रिट दाखिल किया। हाईकोर्ट के निर्देश पर रविवार को एसडीएम केशवनाथ, तहसीलदार शिव प्रसाद पांडेय, एक कंपनी पीएसी, ज्ञानपुर कोतवाली प्रभारी नवीन तिवारी मयफोर्स गांव में पहुंचे। प्रशासनिक अफसरों ने अतिक्रमण करने वाले लोगों को घर से सामान निकलवाया। सामान निकलने के बाद दो जेसीबी से 29 मकानों को ढहाया गया। इसको लेकर गांव के एक पक्ष में गहरी नाराजगी रही।