स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिमी तरफ शनिवार को बहुता चकटेकी निवासी बीएससी के छात्र सूरज यादव (19) ने मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी।
वह प्रयागराज के एक निजी काॅलेज बीएससी की पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह पिता की डांट से क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि सुरियावां कोतवाली के बहुता चकटेकी निवासी विजय बहादुर को दो बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा सूरज यादव (19) बीएससी का छात्र था। शनिवार की सुबह उसके पिता ने किसी बात पर उसको डांटा तो वह घर में बिना किसी को बताए रेलवे स्टेशन की तरफ निकल गया।
करीब आठ बजे स्टेशन के पश्चिमी तरफ प्रयागराज की तरफ जा रही एक मालगाड़ी के सामने उसने छलांग लगा दी।
जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। सूरज की मौत की सूचना से उसकी मां रेखा देवी बेसुध हो गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।