भरत मिलाप को लेकर की गई आकर्षक सजावट।
ज्ञानपुर और खमरिया नगर का प्राचीन भरत मिलाप रविवार की रात परंपरागत ढंग से मनाया गया। राम-भरत समेत चारों दशरथ नंदनों के मिलन को देखकर लोगों के आंखें सजल हो गईं। दोनों भरत मिलाप के दौरान निकले एक दर्जन से अधिक लाग, विमान और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहे। इस मौके पर ज्ञानपुर नगर की भव्य सजावट की गई थी। पूरा नगर विद्युत की दूधिया रोशनी से जगमग कर रहा था। भोर में राम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघन चारों भाइयों का राजा पार्क में मिलन हुआ। इस दौरान आधा दर्जन आकर्षक लाग, विमान और झांकियां निकलीं। भरत मिलाप का शुभारंभ सांसद वीरेंद्र सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता घनश्याम मिश्र ने काशी नरेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि भरत मिलाप हमें आपसी भाइचारे का संदेश देता है। साथ ही त्याग की भावना और समर्पण का भी द्योतक है, जिससे समाज को स्फूर्तिदायक प्रेरणा मिलती है। भरत मिलाप कमेटी के अध्यक्ष बंशीधर गुप्ता ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मेला पूरी रात चला। हजारों लोगों ने राम-भरत के मिलन को देखा।
इस मौके पर प्रमुख रूप से मनोज मोदनवाल, ब्रह्मजीत शुक्ल, केसी श्रीवास्तव, विनीत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसी तरह बखमरिया नगर के भव्य भरत मिलाप में लाग औऱ विमान आकर्षण का केंद्र रहे। आकर्षक लाग, विमान को पुरस्कृत किया गया। भरत मिलाप में पहला पुरस्कार एलसीडी टीवी खमरिया के मुन्ना ठठेर को हनुमान जी की झांकी के लिए मिला।
दूसरा इनाम चेतगंज को पंखा मिला और तीसरा इनाम खमरिया के मंगल मौर्य को कुकर मिला। इस मौके पर प्रमुख रूप से चौकी प्रभारी खमरिया, भाजपा नेता संदीप समेत अन्य लोग मौजूद थे।