नगर के रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक पर बुधवार की शाम ट्रक का एक्सल टूट जाने से मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। फाटक पर ट्रक खड़ी हो जाने और फाटक बंद नहीं हो पाने से रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। इसकी सूचना से रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे फाटक के गेटमैन की सूचना पर भदोही स्टेशन अधिकारियों समेत रेल पथ निरीक्षण विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए थे। फिलहाल परसीपुर स्टेशन पर एक मालगाड़ी को रोककर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार इंदिरा मिल रेलवे ब्रिज पर निर्माण कार्य होने से यातायात रेवड़ाफाटक से संचालित हो रहा है। इस मार्ग पर दबाव बढ़ने से सड़क गड्ढों में तब्दील हो गया है। जानकारी मिली है कि बुधवार को रात्रि 8 बजे रामरायपुर की ओर से एक ट्रक चौरी रोड की ओर आ रही थी। रेलवे फाटक पार होते ही ट्रक का एक्सल टूट गया जिससे ट्रक रेलवे फाटक के दर्मियान ही खड़ी हो गई। गेटमैन ने देखा कि फाटक बंद नहीं हो पा रहा है तो उसने भदोही स्टेशन सहित कंट्रोल रूम और रेल पथ निरीक्षक विभाग के अधिकारियों को खबर कर दी।
इतना होते ही पूरा महकमा सक्रिय हो गया। इससे पहले की ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता अधिकारी रेलवे फाटक पर पहुंच कर छानबीन करने लगे। भदोही स्टेशन अधीक्षक, कोमल सिंह ने बताया कि ट्रक रेलवे ट्रैक पार कर चुकी थी फिर भी फाटक बंद नहीं हो पा रहा था इसलिए गेटमैन ने सूचना दी। इस बीच एक मालगाड़ी को परसीपुर स्टेशन पर रोक कर रखा गया। जबकि वास्तविक समस्या जानने और बाधा दूर करने के लिए लोग मौके पर पहुंच गए थे।
इस बीच ट्रक फंसने से मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया। फाटक के दोनो और बड़ी संख्या में भारी वाहन आकर कतारबद्ध हो गए थे। देर रात तक अधिकारी मौके पर पहुंच कर ट्रक को रास्ते से किनारे लगाने की जुगत में लगे थे।