भदोही कोतवाली के मोहल्ला दरोपुर में सोमवार को दोपहर में मिट्टी लदे ट्रैक्टर के नीचे आकर पांच वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद जुटीं मोहल्ले की महिलाएं विरोध में सड़क पर धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और सड़क से लोगों को हटाया। मौके पर आए उपजिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय और सीओ अजय कुमार ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। ट्रैक्टर को सीज कर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे मिट्टी लादकर एक ट्रैक्टर गुजर रहा था। मोहल्ले की मस्जिद के पास जब ट्रैक्टर पहुंचा था, तभी वहां सड़क पर खेल रहा फरहान (5) पुत्र जावेद उर्फ गुड्डू पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लेकर परिजन तत्काल इंदिरा मिल चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना से परिजनों व मोहल्ले के लोगों में कोहराम मच गया।
घटना से नाराज मोहल्लेवासी और परिजन ट्रैक्टर के पास ही सड़क पर धरने पर बैठ गए और ट्रैक्टर को वहीं रोक लिया। हालांकि मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने चालक अवधेश निवासी मर्यादपट्टी मामदेवपुर को एक कमरे में ले जाकर सुरक्षित बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने किसी तरह भीड़ को तितर-बितर किया और सड़क पर बैठे पीड़ित परिजनों को समझा कर वहां से हटाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। बालक के पिता जावेद कपड़े की फेरी करते हैं और घटना के समय साइकिल से फेरी करने गए थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।