सुरियावां के गांधी नगर में कुएं में मवेशी का शव निकालती पुलिस।
- फोटो : BHADOHI
सुरियावां। क्षेत्र के एक कुएं में मवेशी का क्षत-विक्षत शव पाया गया। इस पर जब हिंदू संगठनों ने रोष जताते हुए लामबंदी शुरू की तब जाकर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को जांच के लिए भेज दिया।
दो-तीन दिन पूर्व गांधीनगर-बिहियापुर गांव निवासी अशोक उपाध्याय का मवेशी गायब हो गया था। इसी बीच शनिवार को गांव के पास जर्जर कुएं से दुर्गंध निकलने पर लोगों ने देखा कि कुएं में पशु की क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। मवेशी के अंग अलग-थलग पड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कुएं से मवेशी के अवशेषों को बरामद किया। सूचना मिलने पर हिंदू वाहिनी के जिलाध्यक्ष अजय मिश्र, काशी प्रांत भगवा रक्षा वाहिनी के पवन मिश्र, जिला मंत्री भाजपा मूलचंद साहू, हिंदू एकता संगठन भदोही धीरज सिंह, राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संगठन के जिलाध्यक्ष राजकुमार पांडेय आदि थाने पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सुरियावां थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि बरामद अवशेष को पशुपालन विभाग के सहयोग से विधि विज्ञान प्रयोगशाला मथुरा जांच के लिए भेजा जाएगा। पशुपालक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।