जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से अनुमोदित 90 केंद्रो के लिए स्कूलों से दोबारा आपत्तियां मागी गई है। दो दिनों में ही ऑनलाइन और ऑफलाइन 25 आपत्तियां आ चुकी हैं।
21 नवंबर तक इसकी संख्या में इजाफा होना तय है। अब एक बार फिर जिला एवं तहसील स्तरीय समिति आपत्तियों का निस्तारण करेगी। 27 नवंबर तक परिषद अंतिम सूची जारी करेगा। जिले में पांच फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए केेंद्र फाइनल हो चुके हैं। परिषद ने 90 केंद्रों को मंजूरी दी है, हालांकि स्कूलों को एक बार फिर कमियों में सुधार का मौका दिया गया है।
जिसमें विद्यालयों से परीक्षा केंद्रो की दूरी, छात्र आवंटन संग व्यवस्था शामिल है। पहली बार 81 केंद्रो के लिए 112 आपत्तियां आई थीं। जिसका निस्तारण किया गया, लेकिन एक बार फिर प्रबंधकों की तरफ से शिकायतें दर्ज कराई जा रही है।
जिले में हाईस्कूल और इंटर के कुल 196 राजकीय, एडेड और वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 52 हजार 843 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बीते साल बोर्ड परीक्षा में 54 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परिषद ने 90 केंद्रो का अनुमोदन किया है।
स्कूलों को 21 नवंबर तक आपत्ति देने का मौका दिया गया है। आपत्ति निस्तारण के बाद 27 नवंबर तक अंतिम सूची जारी की जाएगी। अब तक 25 आपत्तियां विद्यालयों की तरफ से आई हैं।