ज्ञानपुर। जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर विद्यालयों की तरफ से ऑनलाइन आधारभूत सूचनाओं के भौतिक सत्यापन के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी गई। एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीम आवेदन करने वाले एक-एक स्कूल में पहुंचकर हकीकत देखेगी। अगस्त के पहले सप्ताह में टीम रिपोर्ट को सौंपेगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हर साल फरवरी-मार्च में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा कराई जाती है। आगामी चुनाव के मद्देनजर इस बार केंद्रों का निर्धारण दो माह पहले ही किया जा रहा है।
20 जुलाई तक विद्यालयों की तरफ से आधारभूत सूचनाएं ऑनलाइन ली गई। अब माध्यमिक और इंटर कॉलेजों में संसाधनों का सत्यापन करने के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें तीनों तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संग जीआईसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल कॉलेज के प्रधानाचार्यों को नामित किया गया है। गठित टीम स्कूलों में शौचालय, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, विज्ञान लैब सहित 15 बिंदुओं पर सत्यापन करेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि गठित टीम अगस्त के पहले सप्ताह में रिपोर्ट देगी। उसके बाद उसे बोर्ड को भेजा जाएगा।