ज्ञानपुर। बोर्ड परीक्षा की तिथि तय होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। केंद्र निर्धारण के बाद अब कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की कवायद शुरू हो गई है। 92 परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शी एवं सकुशल परीक्षा कराने के लिए 2450 कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। विभाग की ओर से स्कूलों से कक्ष निरीक्षकों की सूची मांगी गई है। 22 कॉलेजों ने अब तक सूची नहीं दी, जिसको लेकर उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
अप्रैल में प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 53 हजार 275 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल में 15,020 बालक और 13,343 बालिका और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 13,190 बालक और 11,721 बालिका शामिल होंगी। विभाग की ओर से केंद्रों को छात्र-छात्राओं का आवंटन भी किया जा चुका है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कक्ष निरीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अति संवेदनशील केंद्र, संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग की ओर से कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए 185 माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों से सूची मांगी गई, लेकिन 22 कॉलेजों ने अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इसको लेकर विभाग की ओर से सख्त रुख अपनाने की हिदायत दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने 22 कॉलेजों को नोटिस जारी कर तीन दिनों में कक्ष निरीक्षकों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।