वीएनजीआईसी से बोर्ड परीक्षा की कापी ले जाते कर्मचारी। संवाद
ज्ञानपुर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा का काउंट डाउन शुरू हो गया है। पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। 94 केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की गई है। इसमें जिला एवं ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
शिक्षा विभाग ने दो राजकीय केंद्रों को छोड़कर 92 केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती कर दी है। जिले में 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू हो रही है। अब परीक्षा शुरू होने में मात्र पांच दिन बचा है। इस बार हाईस्कूल और इंटर के करीब 54 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रशासन से लेकर शिक्षा विभाग तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटा है। 94 केंद्रों को 12 सेक्टरों में बांटा गया है। इसके लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। एक-एक परीक्षा केंद्र पर दोनों पालियों की परीक्षा पर नजर रखने के लिए एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से 92 केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात किया है। डबल लॉक आलमारी, यानि जिसमें पेपर सुरक्षित और गोपनीय तरीके से रखा जाता है, उसकी एक चाबी भी अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी।
परीक्षा शुरू होने से पहले दोनों केंद्र व्यवस्थापकों की मौजूदगी में डबल लॉक को खोला जाएगा। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परीक्षा की तैयारी करीब-करीब पूरी कर ली गई है। मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लग गई है। सभी केंद्राध्यक्षों को सीसीटीवी कैमरे चलाकर देखने के लिए कहा गया है। परीक्षा के समय सीसीटीवी नहीं चलने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।