जिले में बोर्ड परीक्षा संग कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी भी शुरू हो गई है। अबकी बार दो मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी। इसमें विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज शामिल है। परिषद का पत्र आने पर विभागीय तैयारी शुरू हो गई है। कॉपियां आने पर परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से शुरू है। आधी से अधिक परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। 50 से अधिक जिलों में 12 अप्रैल को परीक्षाएं समाप्त हो जाएगी। चुनाव के कारण परीक्षा विलंब से शुरू हुई, लेकिन परिषद रिजल्ट समय से लाने की तैयारी में है। जिसको लेकर मूल्यांकन की तैयारी का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने बताया कि जीआईसी और नेशनल इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाएगा। दो मूल्यांकन केंद्र होने से तेजी से कॉपियां जांची जाएंगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के करीब एक सप्ताह में कॉपियां मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचने में लगेंगी। ऐसे में 20 से 25 अप्रैल तक कॉपियों का मूल्यांकन पूर्ण कराने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कॉपियां आने पर परीक्षकों की संख्या तय होगी।
सीसीटीवी कैमरे की रहेगी नजर
विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में होने वाला मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। जिससे पारदर्शिता कायम रहे। डीआईओएस ने बताया कि मूल्यांकन से जुड़ी तैयारी पूर्ण करने का निर्देश केंद्र प्रभारियों को दिया गया है। परिषद के निर्देश पर समय से मूल्यांकन कराया जाएगा।