प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को जिले के अस्पतालों में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। सेवा-संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल संग छह अस्पतालों में रक्तदान शिविर होगा। शाम को आशीर्वाद दीये जलेंगे। विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है।
17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। इसको लेकर विभिन्न विभागों की तरफ से अलग-अलग आयोजन किए जा रहे हैं। इसमें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आशीर्वाद का दीया, मरीजों को फल वितरण एवं रक्तदान शिविर होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि सुबह नौ बजे महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, संगम हॉस्पिटल, सहारा ब्लड बैंक, संजीवनी ब्लड बैंक, सूर्या हॉस्पिटल और स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल में सुबह नौ बजे रक्तदान शिविर शुरू होगा।
आशीर्वाद का दीया शाम सात बजे जलेगा। जिला अस्पताल में 100, सभी सीएचसी में 50-50, पीएचसी पर 20-20 दीप, उपकेंद्रों पर 10-10 दीये जलाए जाएंगे। सीएमओ ने सभी विभाग प्रभारियों को इसको प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।