भाजपा नेताओं के नेतृत्व में नागरिकों ने टाउन एरिया के समीप खमरिया माधोसिंह रोड पर बिजली विभाग के खिलाफ चक्काजाम किया।
आरोप लगाया कि बिजली विभाग की उदासीनता के चलते पिछले एक साल से खमरिया की बिजली आपूर्ति अनियमित हो चुकी है। इससे निर्यातकों के अलावा नागरिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कई कंपनियों में कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप मौर्य के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नागरिक बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे टाउन एरिया के समीप पहुंचे।
प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के एमडी, मंडलायुक्त के अलावा औराई विधायक मधुबाला पासी से वार्ता की गई थी।
आश्वासन दिया गया था कि 22 फरवरी से खमरिया नगर को अलग से बिजली आपूर्ति दी जाएगी। अफसरों और जनप्रतिनिधियों का आश्वासन भी छलावा साबित हो गया। करीब माह भर बाद भी बिजली आपूर्ति पूर्व की तरह छह से सात घंटे ही मिल पा रही है।
इससे खमरिया में संचालित कालीन कपंनिया बंद पड़ी हुई हैं। गर्मी के सीजन में बिजली आपूर्ति सही न होने से लोगाें को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीर्तन जायसवाल ने कहा कि दिल्ली में कालीन मेला लगना है, बिजली आपूर्ति न होने से कालीन की सैंपल तैयार नहीं हो पा रही है।
चेतावनी दी कि अविलंब बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी तो वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में मिथिलेश मौर्य, कल्लू मौर्य, विकास, अशोक, धीरज, बच्चन, सौरभ, नन्हकू, आकाश, उदय चंद्र, मुख्तार, जलालुद्दीन आदि रहे।