जिले में ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए छह एआरओ (एआरओ) की तैनाती कर दी है। इन पर नामांकन, मतदान और मतगणना कराने की जिम्मेदारी होगी। बृहस्पतिवार को नामांकन, शनिवार को प्रमुख पद के चुनाव के लिए मतदान और मतगणना होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर सोमवार शाम को ब्लॉक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। पांच दिनों में चुनाव को संपन्न कराना है। कम समय में चुनाव होने से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पास समय कम मिला। मंगलवार को सभी ब्लॉकों में नामांकन, मतदान और मतगणना कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने छह एआरओ नामित किए। इसमें ज्ञानपुर ब्लॉक में जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त हरेंद्र प्रताप सिंह, भदोही में डिप्टी आरएमओ श्यामी मिश्रा,औराई में बीएसए अमित कुमार सिंह, डीघ में उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह, सुरियावां में जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार और अभोली में सहायक अभियंता लघु सिंचाई राजकुमार शुक्ला शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर सभी ब्लॉकों पर मंगलवार को गहमागहमी बढ़ी रही। अधिकारियों की ओर से ब्लॉकों पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सूची चस्पा की गई। ज्ञानपुर ब्लॉक में एडीओ पंचायत रमाशंकर मिश्र ने सूची चस्पा की। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के 11 न्याय पंचायत में 111 बीडीसी मतदाधिकार का प्रयोग करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारी पहले ही पूर्ण हो चुकी थी। अधिसूचना जारी होने के बाद सभी काम तेजी से हो रहे हैं।