जिले में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में 55 सौ विद्यार्थी शामिल होंगे। 18 जुलाई को 14 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने के तैयारियां शुरू हो गई है। सीसीटीवी कैमरे से प्रतियोगियों की निगहबानी की जाएगी। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर के प्राचार्य डा. पीएन डोंगरे ने बताया कि सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिए हैं। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए के लिए केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्र और परिसर में मोबाइल व गैजेट्स का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा केंद्रों से 200 मीटर की परीधि में कोई फोटो कॉपी की दुकान खोलने की इजाजत नहीं होगी। कोरोना वायरस संक्रमण के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं के लिए मास्क लगाना व कोविड-19 के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। बताया कि काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो के अलावा विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज ज्ञानपुर, डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय भदोही, केशव प्रसाद मिश्र राजकीय बालिका महाविद्यालय औराई, काशिराज महाविद्यालय इंटर कालेज औराई, इंटरमीडिएट कालेज बाबूसराय, एमए समद इंटर कालेज भदोही, रामसंजीवन लाल इंटर कालेज खमरिया, गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज गोपीगंज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज गोपीगंज, ज्ञानदेवी बालिका इंटर कालेज भदोही, भदोही गर्ल्स इंटर कालेज और श्री इंद्रबहादुर इंटर कालेज भदोही को परीक्षा केंद्र बनाया है।