कौलापुर। सपा के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर रेवती रमण सिंह ने कहा कि सीएए और एनआरसी के जरिए भाजपा प्रमुख मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। सरकार की लचर नीतियों से देश में बेरोजगारी, अपराध बढ़ गया है। वह मंगलवार को प्रयागराज से वाराणसी की ओर जाते समय पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जंगीगंज, गोपीगंज और चकपड़ौना में उनका सपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा कभी 370 तो कभी तीन तलाक और कभी राम मंदिर के मामले से लोगों को बरगला रही है। अब सीएए से एक संप्रदाय के बीच भ्रम की स्थिति पैदाकर देश का माहौल खराब किया जा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा रही है लेकिन सरकार उस पर ध्यान नहीं दे रही है। इसके पूर्व गोपीगंज नगर में सपा नेता विशाल यादव और हर्षित पांडेय के नेतृत्व में सपा सांसद रेवती रमण का स्वागत किया गया। इस मौके पर अजीत सिंह, आदर्श पांडेय आदि रहे। इसी तरह राधास्वामी धाम जंगीगंज में रेवती रमण सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल बाबू पारसनाथ मोर्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर प्रमोद चंद्र मौर्य, दीना यादव, बुद्धिराम पाल, अनिल यादव, सुदामा मौर्य, रामलाल गुप्ता, कल्लू सिंह, कलेक्टर यादव आदि रहे। चकपड़ौना में अरविंद यादव के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस मौके पर अरुण कुमार यादव, दिनेश यादव, जन्मेजय यादव, अशोक कुमार, नितेश मौर्य आदि रहे।