ज्ञानपुर। जिले में ब्लॉक प्रमुखी चुनाव के लिए बुधवार को भाजपा ने छह में चार ब्लॉकों से समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इससे ब्लॉकों में सियासी सरगर्मी बढ़ गई। भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही समीकरण बदलने लगा है। भदोही के पूर्व प्रमुख प्रशांत सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह को पार्टी ने टिकट नहीं दिया। उनकी जगह नए चेहरे को तरजीह दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के एक दिन बाद ही प्रमुख चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। प्रशासन संग राजनीतिक दलों की ओर से तैयारी तेज कर दी गई। नामांकन से 24 घंटे पूर्व बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ने ज्ञानपुर, सुरियावां, अभोली और भदोही ब्लॉक से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। ज्ञानपुर ब्लॉक में पूर्व प्रमुख बबलू सिंह और भाजपा नेता आनंद मिश्र के बीच टिकट को लेकर घमासान रहा। हालांकि अब बबलू सिंह की पत्नी आरती सिंह पर भाजपा ने अपना भरोसा जताया है। टिकट फाइनल होते ही ब्लॉक का समीकरण बदल गया। अभोली में प्रियंका बिंद पर पार्टी ने भरोसा जताया।
भदोही में पूर्व प्रमुख प्रशांत सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह को टिकट नहीं दिया गया। यहां से नए चेहरे सुनीता मिश्रा पर दांव खेला है। सुरियावां में भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी के करीबी की पत्नी अनीता गौतम को पार्टी ने समर्थित प्रत्याशी बनाया। डीघ और औराई में पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर सकी। डीघ में टिकट के लिए मनोज मिश्रा, मनीष मिश्रा और राकेश मिश्र ने दावेदारी ठोंकी थी। यहां भी पार्टी शुरू से लेकर अंत तक असमंजस की स्थिति में रही। पार्टी में प्रत्याशी को लेकर अलग-अलग राय दिखी। जिससे प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई। औराई में भी पार्टी बैकफुट पर दिखी। जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने बताया कि चार ब्लॉकों में पार्टी ने प्रत्याशियों की घोषणा की है। सभी प्रमुख चुनाव जीतकर आएंगे।