दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के सदलूबीर बाजार में रविवार की रात बालू लादकर खड़े ट्रक में टक्कर हो जाने से बाइक सवार अख्तर अली (25) निवासी सुभावगंज-सुरियावां की मौके पर मौत हो गई। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे रिश्तेदार आफताब अली (22) निवासी धौकलगंज गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को सीएचसी सुरियावां में भर्ती कराया जहां हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी में रेफर कर दिया। परिजन ने बताया कि दोनों मुंबई में रहकर मजदूरी करते थे। मृत अख्तर अपने ननिहाल घटमापुर में पड़ी शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पूर्व ही मुंबई से आया था। रविवार को शादी में शामिल होने के बाद अख्तर अपने रिश्तेदार आफताब अली के साथ बाइक से यह कहकर घर से निकला था कि उसे अपने पिता को दवा पहुंचानी है। सदलूबीर बाजार पहुंचने पर अख्तर बाइक समेत खड़े ट्रक में टक्कर मार दिया। मृतक अख्तर चार भाइयों में तीसरे नंबर का है और डेढ़ वर्ष के पुत्री का पिता भी। वहीं मृत अख्तर की पत्नी नाजिमा बेगम का रो-रो कर बुरा हाल हैं। इस दौरान अख्तर के घर पर शोकसंवेदना जताने वालों का तांता लगा रहा। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भागने में सफल हो गया ।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामजी यादव ने बताया कि लिखापढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।