मिर्जामुराद (वाराणसी)। गौर गांव स्थित बंगलाचट्टी के पास किसान इंटर काॅलेज के सामने बुधवार की देर रात नेशनल हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे राजातालाब से कछवा रोड की तरफ जा रहे दो दोस्त बाइक लेकर जा घुसे। हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। सूचना पाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने दोनों युवकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के ममहर (शरबत खानी) निवासी दीपू विश्वकर्मा (30) अपने दोस्त दीपक गुप्ता (27) के साथ बाइक से राजातालाब बाजार में एक वैवाहिक कार्यक्रम में आए थे। देर रात दोनों अपने घर जा रहे थे। बंगलाचट्टी के पास दोनों बाइक के साथ नेशनल हाईवे पर खड़े एक ट्रक में पीछे जा घुसे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दीपू और दीपक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिर्जामुराद थाने की पुलिस की सूचना पर दोनों युवकों के परिजन आए। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त थे और ममहर बाजार में व्यवसाय करते थे। दीपू विश्वकर्मा दो भाइयों में बड़ा था और एक पुत्र का पिता था। दीपू की मौत के बाद उसकी पत्नी मोनी रो-रोकर बेहाल थी। दीपक गुप्ता चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया है।