औराई कोतवाली क्षेत्र के खमरिया निवासी मयंक बरनवाल (23) की शनिवार की रात वाराणसी के कछवां त्रिमुहानी के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। खड़े ट्रक में बाइक की भिड़ंत होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वह अपनी बहन की शादी के लिए खरीदारी करने वाराणसी गया था। देर रात वहां से लौटते समय वह दुर्घटना का शिकार हो गया। दो बहनों में इकलौता होने से परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को युवक का भोगांव घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
औराई थाना क्षेत्र के नगर पंचायत खमरिया के वार्ड नंबर पांच निवासी जितेंद्र बरनवाल के यहां लड़की की शादी 23 जनवरी को है। शादी की तैयारियों के सिलसिले में उनका बेटा मयंक शनिवार को बाइक से वाराणसी में सामान की खरीदारी करने गया था। देर रात वापस घर लौटते समय कछवां त्रिमुहानी स्थित एक ढाबे के पास घने कोहरे के कारण युवक बाइक समेत सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ा। उस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वाराणसी पुलिस ने प्रकरण की जानकारी परिजनों की दी। परिजन अस्पताल पहुंचकर युवक को उपचार के लिए अन्यत्र ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान उसकी सांसें थम गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दो बहनों में इकलौता था। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।