गोपीगंज। अनलाक-1 में आगामी दिनों में होने वाले त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने को लेकर कोतवाली में मंगलवार को अधिकारियों ने बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश दिया। सदर एसडीएम कविता मीणा ने आगाह किया कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचने के लिए सरकार तरह-तरह के कदम तो उठा रही है, लेकिन लोग पालन करने में लापरवाही बरत कर संक्रमण को बढ़ावा देते जा रहे हैं, जो सभी के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
ऐसी दशा में शासन-प्रशासन की ओर से जारी नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी बनती है। उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है शिकंजे में आने पर कानूनी कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। श्रावण मास में कांवर यात्रा पर शासन ने पूरी तरह रोक लगा दी है बावजूद इसके यात्रा न निकाला जाय, मस्जिदों में जुमे की नमाज के समय पांच से अधिक संख्या नहीं होगी, रक्षा बंधन पर सोशल डिस्टेंस का पालन किया जाएगा, बकरीद की नमाज मुस्लिम समुदाय के लोग अपने-अपने घरों में पढ़ेंगे, बाहर निकलने पर मास्क लगाना जरुरी होगा।
नियमों का पालन न होने पर चालान काटने की कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रह्लाददास गुप्ता, सीओ कालू सिंह, कोतवाल कृष्णानंद राय, चौकी प्रभारी डीएस ओझा, सत्येंद्र कुमार, श्रीकांत जायसवाल, गुड्डू चौधरी, सरवर सिद्दीकी, जितेंद्र गुप्ता, मुन्ना पांडेय, शांतिभूषण उपाध्याय, गोविंद शुक्ला, मेहीलाल सेठ, छोटेलाल यादव सहित नगर के सभ्रांतजन उपस्थित रहे।