गोपीगंज।जंगीगंज बाजार में पुलिस चौकी के सामने सोमवार देर रात अनियंत्रित इनोवा के धक्के से 55 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। जिस इनोवा कार से दुर्घटना हुई, उस पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
गोपीगंज थानाक्षेत्र के बिहरोजपुर गांव निवासी केशव प्रसाद यादव बाजार से घर की तरफ साइकिल से जा रहे थे। तभी तीव्र गति से आ रही इनोवा गाड़ी ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी,जिससे वह आगे जा रहे डंपर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चौकी इंचार्ज सगीर अहमद और थाना प्रभारी कृष्णानंद राय पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहां से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी अन्यत्र ले जाने की सलाह चिकित्सकों ने दे दी। गंभीर हालत में परिजन ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव को लेकर थाने पर लाकर इनोवा चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने कार्रवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ड्राइवर सहित इनोवा गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। एसओ गोपीगंज कृष्णानंद राय ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।