गंगा में किशोर के डूबने पर बरजी गांव में रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : BHADOHI
लालानगर। भदोही जिले की सीमा से लगे मिर्जापुर के सेमरा घाट पर सोमवार को एक किशोर भैंस को नहलाते समय गंगा में डूब गया। किशोर गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बरजी गांव का निवासी था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पूरे दिन उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
बरजी गांव निवासी पूर्व बीडीसी रामचंद्र हरिजन का पुत्र अभिषेक (12) छठवीं कक्षा का छात्र था। वह सोमवार को गंगा किनारे अपनी भैंस चरा रहा था। भैंस चराते-चराते वह मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना अंतर्गत सेमरा घाट पर पहुंच गया। वहां गंगा के कछार में भैंस को नहलाने के साथ खुद भी नहाने लगा। जैसे ही वह भैंस के साथ कछार में कूदा पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके डूबने की जानकारी मिली तो लोग घाट पहुंच कर तलाश करने लगे, लेकिन पता नहीं चला। रोते-बिलखते परिजनों के साथ भारी भीड़ घाट की ओर दौड़ पड़ी। सोमवार देर शाम तक उसका पता नहीं चल पाया था। गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने कहा कि घटना मिर्जापुर जनपद के चील्ह थाना अंतर्गत सेमरा घाट पर हुई है। वहां की पुलिस को सूचना दी गई है। उनके स्तर से भी गोताखोरों को लगाया गया है। किशोर तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा और कक्षा छह का छात्र था। गौरतलब है कि भदोही जिले में लगातार तीसरे दिन डूबने की घटनाएं हुईं। इससे ,पूर्व 29 अगस्त को चौरी क्षेत्र के गोटइयां गांव में मां-बेटे की तालाब में डूबने से मौत हुई थी। 30 को ज्ञानपुर क्षेत्र के पीपरगांव में दो चचेरे भाई तालाब में डूब गए थे। उनकी मौत हो गई थी।