केंद्र सरकार ने भदोही को टाउन आफ एक्सपोर्ट एक्सेलेंस वाले शहरों में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। गत 21 जून को फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आगनाईजेशन (फियो) और उप्र सरकार द्वारा लखनऊ में आयोजित ओपेन हाउस निर्यातक सम्मेलन में केंद्रीय वाणिज्य सचिव रीता ए.तेवतिया ने इसकी घोषणा की। यह जानकारी अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एकमा) ने गुरुवार को विज्ञप्ति में दी।
सम्मेलन में भाग लेकर लौटे एकमा कोषाध्यक्ष अश्फाक अहमद अंसारी ने बताया कि प्रदेश सरकार राज्य से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है। वह प्रयास कर रही है कि निर्यातकों की न केवल सहूलियतें बढ़ें बल्कि उनकी हर आवश्यकताएं पूरी हों। सम्मेलन में केंद्रीय वाणिज्य सचिव से एकमा प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की और उनके समक्ष अपनी टैक्स रिफंड और सुविधाओं के लिए ऑनलाइन लिंकिंग व्यवस्था के बारे में मांग की। वाणिज्य सचिव ने बताया कि टाउन आफ एक्सपोर्ट एक्सेलेंस वाले शहरों में भदोही, वाराणसी और अलीगढ़ को शामिल कर लिया गया है लेकिन इसकी घोषणा प्रदेश सरकार ही करेगी।
एकमा के मानद सचिव पियूष कुमार बरनवाल ने फ्रेट सब्सिडी, वैट रिफंड संबंधी समस्याओं को रखा और उनके निदान की मांग की। टाउन आफ एक्सपोर्ट एक्सेलेंस सूची में भदोही को शामिल किए जाने का कालीन निर्यातकों ने स्वागत किया है। प्रतिनिधिमंडल में एचएन मौर्य, जेपी गुप्ता,राजेश कुमार, संजीव गुप्ता, एसके सिन्हा भी शामिल थे।