डायमंड क्रिकेट समिति की ओर से जनता इंटर काॅलेज नगरा के मैदान में मंगलवार को डायमंड राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल भदोही और वाराणसी के बीच खेला गया। भदोही की टीम ने वाराणसी को सात विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
मैच का शुभारंभ इश्तेयाक अहमद ने किया। फाइनल में वाराणसी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में 167 रन बनाए। मनीष ने 38 बॉल पर 5 चौके और 3 छक्के के सहयोग से 52 रन, सम्राट मौर्या ने 32 बॉल पर 2 चौके तथा 5 छक्के की बदौलत 50 रन तथा ओम ने 16 बॉल पर 2 चौके तथा 3 छक्के की बदौलत 32 रन बनाए। भदोही के कृष्णा सरोज ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट चटकाए, यश ने 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
भदोही की टीम ने 7 विकेट से मैच जीत लिया। सलमान ने 53 बॉल पर 10 चौके और 4 छक्के के साथ 82 रन की पारी खेली, जबकि कृष्णा सरोज ने 19 बॉल पर 4 चौके तथा 5 छक्के के सहयोग से 51 रन बनाए।
वाराणसी के दिलीप ने 3 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज तथा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार भदोही के खिलाड़ी कृष्णा सरोज को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार सलमान तथा बेस्ट फील्डर का पुरस्कार यश को दिया गया। भदोही टीम के कप्तान को विजेता ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार इश्तेयाक अहमद ने प्रदान किया।