लालानगर। फास्टैग नि:शुल्क पंजीकरण सुविधा का अंतिम दिन रविवार को निर्धारित होने के कारण सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। देर शाम से सुविधा को देने के लिए टोल प्लाजा प्रबंधन दोनों लेन को फास्टैग के लिए सुरक्षित करने और एक कैश लेन निर्धारित कर दिया गया। जहां कर्मचारियों की मुस्तैदी बनी रहने से काफी चहल-पहल भी देखी गई। अंतिम दिन होने से एनएचएआई के परियोजना निदेशक अश्वनी राय विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। पंजीकरण की कुल संख्या अब तक छह हजार पार चुकी है। बताया कि फास्टैग लेन सुरक्षित हो जाने से अन्य दिनों की अपेक्षा जाम के झाम जैसी समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।
बताते हैं कि राजमार्ग पर संचालित टोल नाकों पर होने वाली वसूली को अत्यंत सुविधाजनक बनाने और जाम से छुटकारा दिलाने के लिए मंत्रालय ने फास्टैग सुविधा शुरू कर दी। नवंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई योजना को 15 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया था। एनएचएआई अभियंता पंकज मिश्रा, टोलप्लाजा प्रबंधक पंकज शुक्ला ने बताया फास्ट टैग जारी करने का आज अंतिम दिन था टोल पर दोनों तरफ फास्ट टैग धारक वाहनों के लिए दो-दो लेन निर्धारित किया गया है जिसमें एक लेन को साधारण रखा गया है। पंकज शुक्ला ने बताया कि नि:शुल्क फास्टैग रात 12 बजे तक ही नि:शुल्क है। फास्टैग न लेने वालों को वाहनों के हिसाब से शुल्क देना होगा। आगामी दिनों से राजमार्ग पर चलने वाले सभी वाहनों के लिए फास्टैग अनिवार्य भी हो जाएगा। कर्मचारियों में मुकुंद दुबे संकेतक के पास खड़े होकर वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देते रहे।