भूमिधरी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप
ज्ञानपुर। खाली पड़ी जमीनों पर भूमाफिया की गिद्ध दृष्टि किस कदर लगी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौका मिलते ही मनबढ़ भू माफिया जमीन पर जबरन कब्जा कर ले रहे हैं। ऐसा ही मामला ज्ञानपुर नगर से लगे भुड़की गांव में सामने आया है। गांव के भगीरथ पाठक ने अपनी भूमिधरी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।
जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और सांसद की दर पर एड़ियां घसि रहे भगीरथ पाठक और शिवलोचन पांडेय ने शिकायती पत्र देकर कहा कि मेरी भूमिधरी जमीन रकबा संख्या 62 की पैमाइश हो चुकी है। उस पर बाड़ लगवाकर मैं मुंबई चला गया था। लेकिन, विपक्षियों ने बाड़ निकलवा कर उस पर जबरन कब्जा कर लिया। अब शिकायत करने पर धमकी दी जाती है। जिला प्रशासन और पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ दबंग लोगों की शह पर जमीन पर मेरा कब्जा नहीं होने दिया जा रहा है। कहा कि महीनों से अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन कुछ नहीं हुआ। सांसद रमेश चंद्र बिंद ने शिकायत मिलने के बाद एसडीएम को कार्रवाई के लिए लिखा है।