औराई। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर घोसिया तिराहे के समीप सोमवार को दूध लेकर जा रहे साइकिल सवार युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वह बाइक में फंस कर साइकिल समेत तकरीबन 25 मीटर तक घिसटता रहा। इससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया तो घर वालों में कोहराम मच गया। बाइक सवार दो युवक घायल हो गए हैं।
औराई कोतवाली क्षेत्र के अमीरपट्टी-भैदपुर गांव निवासी बलिराम यादव (22) पुत्र फूलचंद यादव प्रतिदिन की तरह साइकिल पर दूध लाद कर घोसिया में ग्राहकों को देने जा रहा था। उसी दौरान पड़ोसी जनपद मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के कड़ेरूआ गांव निवासी बाइक सवार राहुल यादव ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे दीपक यादव बैठा था। बाइक की स्पीड तेज होने के कारण बलिराम घिसटते हुए काफी दूर जाकर निर्माणाधीन राजमार्ग के नाले से टकरा गया। बाइक सवार दोनों युवक भी उसके साथ चोटिल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने बलिराम को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक राहुल यादव की हालत नाजुक देख रेफर किया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार राहुल यादव के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।