Varanasi News: भदोही जिला अस्पताल में सोमवार की सुबह- सुबह डीएम निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान 19 में से 17 डॉक्टर अनुपस्थित रहे। इस पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई।
भदोही के जिला अस्पताल में चिकित्सकों की लेटलतीफी पर जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाया। सोमवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल का जायजा लिया, जहां 19 में से 17 डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। हैरानी की बात यह रही कि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) भी मौके से नदारद थे।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में मौजूद व्यवस्था का गंभीरता से आकलन किया और चिकित्सकों की लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती कई मरीजों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। मरीजों ने दवा वितरण, सफाई व्यवस्था और चिकित्सकों की उपलब्धता से जुड़ी शिकायतें भी साझा कीं। डीएम ने मरीजों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा।