ज्ञानपुर। आयुक्त विंध्याचल मंडल के राममोहन राव की गाइडलाइन से अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों के होश फाख्ता हो गए हैं। दफ्तरों में उपस्थिति से लेकर सप्ताह में करने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर उसका अनुपालन करने का निर्देश दिया गया। फरियादियों की सुविधा के लिए सीडीओ कार्यालय में एक कॉल सेंटर स्थापित करने का निर्देश दिया। शुक्रवार को कलेक्टेट सभागार में बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय में उपस्थित होकर मोबाइल से फोटो कर सीडीओ के मोबाइल पर भेजेंगे। सभी जिलास्तरीय अधिकारी सप्ताह में कम से कम तीन दिन क्षेत्र में भ्रमण कर विकास कार्यों की हकीकत देखें, जबकि सीडीओ सप्ताह में चार दिन क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। अस्पताल, महिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केद्रों का भी निरीक्षण किया जाए। अधिकारी साढ़े दस बजे के बाद आने वाले कर्मचारियों की अनुपस्थिति खुद लगाएं। आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, जिलाधिकारी मुलाकाती और मुख्यमंत्री पोर्टल से जुड़ी शिकायतों के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के लिए सीडीओ कार्यालय में काल सेंटर बनाने के लिए कहा। शिकायतकर्ता से निस्तारण एवं वार्ता की रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में उन्हें उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीण स्तरीय अधिकारी प्रत्येक दिन क्या कार्य किया उसका अधिकतम 10 लाइन में लिखकर एक नोटबुक और रजिस्टर में तैयार रखें, लिपिक संवर्क का कर्मचारी जिस पत्रावली का कार्य जिस दिन करेगें उसमें पत्रावली संख्या और कार्य का विवरण भी लिखा जाए। ऐसा न करने पर काम नही तो वेतन नहीं लागू किया जाएगा। एडीएम यह सुनिश्चित करें कि लेखपाल और सेक्रेटरी अपना लोकेशन रजिस्टर बनाए। सीएमओ को निर्देश दिया कि कार्यालय में रोटेशन के हिसाब से केवल दो ही लोग बैठेंगे। कहा कि जिला अस्पताल संग अन्य सरकारी अस्पतालों में जो भी चिकित्सक बाहर से दवाएं लिखेगा उस पर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर डीएम राजेंद्र प्रसाद, एसपी राम बदन सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एडीएम राम सिंह वर्मा, एसडीएम कविता मीणा, ज्ञान प्रकाश आदि मौजूद रहे।
दो कर्मचारियों का वेतन रोकने का निर्देश
ज्ञानपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसिया का जायजा लेने के बाद कमिश्नर के राम मोहन राव ने जिला उद्यान कार्यालय और नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। उद्यान कार्यालय में साफ-सफाई न होने पर अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। एकीकृत बागवानी योजना के अभिलेख सही न होने और सेवा पुस्तिका, हाजिरी रजिस्टर, निरीक्षण पत्रावली समेत अन्य रजिस्टर सही न होने पर कर्मचारी महेंद्र नाथ त्रिपाठी, बृजेश कुमार का वेतन रोकने का निर्देश दिया। नगर पंचायत ज्ञानपुर में चेयर मैन और सभासदों के साथ बैठक कर रूबरू हुए। साफ-सफाई के साथ ही डोर-टू-डोर कुड़ा उठान प्रतिदिन कराने के लिए कहा। नगर पंचायत के विकास कार्यो से नाराजगी जताई। इसके बाद कमिश्नर ने कलेक्ट्रेट में निर्माणाधीन वेयर हाउस का जायजा लिया। खराब ईंट का प्रयोग करने पर कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को कड़ी फटकार लगाई।