भगवान विश्वकर्मा जयंती पर गुरुवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भदोही के लाभार्थियों से रूबरू हुए। योजना के बारे में लाभार्थियों से बात की। उसके बाद जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने पांच लाभार्थियों को टूलकिट और ऋण राशि का प्रमाण पत्र दिया। कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप की उपस्थिति में सभी प्रशिक्षित कारीगरों से बात की। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से बातचीत में कहा कि वह लगन और मेहनत से काम करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक स्तर पर उनके व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं के माध्यम से प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने बैंकों से प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को शासन की योजना के अनुसार ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील करते हए कहा कि इससे बैंकों का भी व्यवसाय बढे़गा। वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएम ने कहा कि उनका सपना है कि समाज का कोई भी वर्ग उपेक्षित न रहें।
सभी को उनकी कुशलता के अनुसार अवसर और प्रोत्साहन मिले। जिसका सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने उपस्थिति सभी लाभार्थियों को उनके सफल व्यवसाय की कामना करते हुए बधाई दी। डीएम ने योजना के तहत हलवाई प्रमोद कुमार, दुर्गादास शर्मा समेत पांच को टूल किट्स दिए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में हलवाई प्रमोद कुमार को दो लाख, दुर्गादास को एक लाख, आजाद अहमद को एक लाख, इमरान को दो लाख का ऋण प्रमाणपत्र दिया गया।