यूपी के भदोही जिले में रिटायर्ड फौजी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने बताया कि वह एक घंटे पहले घर से निकले थे। रेलवे ट्रैक से पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
Bhadohi News: भदोही में गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर, वन विभाग के सामने रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक रिटायर्ड फौजी का ट्रेन से कटा शव मिला। मृतक की पहचान बड़ी गिराई निवासी 45 वर्षीय सोभनाथ पाल पुत्र जगन्नाथ पाल के रूप में हुई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, सोभनाथ आर्मी से रिटायर होने के बाद गिराई सब स्टेशन 132 केवी विद्युत कार्यालय में बतौर गार्ड कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि सोभनाथ भोर में शौच के लिए घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद सूचना मिली कि उनका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। सूचना पाकर परिजन और जीआरपी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
सोभनाथ छह भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। किस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका।