आत्म सम्मान पूर्वक जीवन गुजारने के लिए सरकार से मिल रही पेंशन अनुदान में इस साल अलग-अलग पेंशन योजनाओं में आठ हजार नए लाभार्थी जुड़ जाएंगे। इससे जिले में पेंशन योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थियों की संख्या एक लाख से अधिक हो जाएगी। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन योजना में सर्वाधिक छह हजार, वृद्धा पेंशन में 1500 और विधवा पेंशन में एक हजार लाभार्थी चयनित होंगे। समाजवादी पेंशन में 50 फीसदी से अधिक लाभार्थियों का चयन हो चुका है, जबकि बचे हुए लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है।
60 साल की उम्र पूरी कर चुके बुजुर्गों को सरकार वृद्धा पेंशन, पति की मौत के बाद विधवाओं को विधवा पेंशन और कमजोर वर्ग के लोगों को समाजवादी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। विधवा और वृद्धा में लाभार्थी को तीन सौ प्रति माह और समाजवादी में पांच सौ रुपये प्रतिमाह लाभार्थी को मिलता है। वित्तीय वर्ष 2015-16 में वृद्धा पेंशन के 38 हजार लाभार्थी, विधवा पेंशन के 21 हजार 500 और समाजवादी पेंशन के 33 हजार 500 लाभार्थी हैं। वित्तीय वर्ष 2016-17 में शासन ने समाजवादी पेंशन के छह हजार लाभार्थी बढ़ा दिए हैं। तीन हजार लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन्हें 25 मई को मुख्यमंत्री के हाथों परिचय पत्र मिलेगा, जबकि तीन हजार के चयन की कवायद चल रही है। इसी तरह वृद्धा पेंशन में करीब 1500 और विधवा पेंशन में एक हजार लाभार्थियों की संख्या बढ़ेगी।
इनसेट
विधवा और वृद्धा पेंशन की वेबसाइट बंद चल रही है, जिससे आवेदन करने वाले लाभार्थियों की सूची फाइनल नहीं हो पा रही है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में एक हजार लाभार्थी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि अब सभी पेंशन का आवेदन ऑनलाइन लिया जा रहा है।
परमजीत कौर
जिला प्रोबेशन अधिकारी