उत्तरवाहिनी गंगा तट पर स्थित बाबा सेमराधनाथ धाम पर माह पर्यंत तक चलने वाले कल्पवास में आस्थावान कल्पवासियों के आगे बर्फीली रेती और ठंड भी कमजोर दिख रही है।
इससे बेपरवाह विभिन्न इलाकों से आने वाले कल्पवासी प्रभु की धुनी रमा रहे हैं।
मेले में 24 घंटे चल रहे अनवरत सीताराम संकीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया है।
हर कोई कल्पवास के पुण्य का गुणगान करता नजर आ रहा है। सेमराधनाथ धाम में कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं का हाल जानने के लिए अमर उजाला की टीम बुधवार को सेमराधनाथ धाम पहुंची तो वहां आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
बर्फीली ठंड पर आस्था भारी पड़ती दिख रही है। यहां कल्पवास करने वाला हर कोई अपने अनुभवों को साझा करता नजर आया ।