गोपीगंज चौराहे पर लगा बैरिकेडिंग। संवाद
- फोटो : 1
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर गोपीगंज चौराहे पर शाम के समय बैरिकेडिंग होने से राहगीरों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है। आवागमन में बाधा के साथ ही इसका असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। मुख्य बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होने के कारण ग्राहक भी कम आ रहे हैं। इससे व्यापारी चिंतित है।
चौराहे से सदर मोहाल की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके कारण वाहन चालक इधर आने से कतराते हैं। इससे स्थानीय लोगों को बाजार और आसपास के मुहल्लों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। उन्हे लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को वाहनों के आवागमन और बैरिकेडिंग के कारण असुविधा होती है।
कई ग्राहक बाजार तक पहुंचने के बजाय दूसरे रास्तों का उपयोग करके दूसरे दुकान पर चले जाते हैं। व्यापारियों ने सुरक्षा और यातायात सुचारु रखते हुए ऐसी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बाजार में आवागमन भी सुचारु बना रहे और कारोबार भी प्रभावित न हो। नगर के व्यापारी राजीव दुबे, दीपक मोदनवाल, मनोज जयसवाल, अनिल दुबे आदि पुलिस अधीक्षक से बैरिकेडिंग हटवाने की मांग की है।