चौरी। थाना क्षेत्र के ममहर गांव में दोपहर के समय धान की कुटाई करते समय बरगद के पेड़ से दबकर पंकज सरोज (18) की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने पंचनामा कर शव रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया। जबकि मृतक की मां प्रेमा देवी पुत्र को खोने का सदमा बर्दाश्त न कर सकी और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी।
रमईपुर गांव निवासी पन्नालाल सरोज के दो पुत्रों में छोटा पंकज सरोज ट्रैक्टर और धान की कुटाई करने वाली मशीन चलाता है जिससे होने वाली कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता है। प्रतिदिन की तरह पंकज ममहर निवासी एक व्यक्ति के यहां धान की कुटाई करने गया था। तेज धूप और असहनीय गर्मी के कारण पंकज ट्रैक्टर से चलने वाली उक्त मशीन को पास में स्थित बरगद के नीचे खड़ी कर धान की कुटाई कर ही रहा था कि अचानक बरगद का पेड़ भरभरा कर उसी के ऊपर गिर गया। ट्रैक्टर और मशीन मशीन क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ के नीचे दबे पंकज को आनन-फानन में ग्रामीणों ने बाहर निकाल कर निजी अस्पताल भर्ती कराया तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों के मृत घोषित करने पर घटना की भनक परिजनों को लग जाने से वह भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे।
वहीं घटना स्थल पर जुटे ग्रामीणों ने बताया कि धान की कुटाई कराने वाले परिवार के लोग चावल को घर अंदर रखने चले गए थे, नहीं तो कई लोग पेड़ की जद में आ जाते। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामदरश ने बताया कि शव का पंचनामा करते हुए परिजनों को सौंप दिया गया है।