गोपीगंज। रेलवे सुरक्षा बल महानिदेशक अरुण कुमार के निर्देश पर सोमवार को ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर रुकने वाली पवन और दानापुर एक्सप्रेस में औचक छापेमारी की गई। इस दौरान नकली पेयजल की सील बंद बोतलों का जखीरा रेलवे पुलिस ने बरामद कर तीन वेंडरों को भी हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर समेत ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों में भी अफरातफरी मची रही।
पूर्वोत्तर रेलवे का मडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रेल खंड अपने काले कारनामों को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहा है। यात्री सुविधाओं के नाम पर तरह-तरह की समस्याओं का मकड़जाल अपने आप में मंडलीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली वर्षों से संदेहास्पद बनी हुई है। पेयजल के नाम पर खंड पर चलने वालीं दो दर्जन से अधिक दूरगामी ट्रेनों में कमीशनखोरी का खेल एक दिन की बात नहीं वर्ष के बारहों महीने का खेल है। यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेकर महानिदेशक ने उक्त कार्रवाई का निर्देश सुरक्षा बल को दिया। आरपीएफ प्रभारी इलाहाबाद सिटी और जीआरपी माधोसिंह के नेतृत्व में स्टेशन पहुंची टीम सबसे पहले डाउन पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस के पेंट्रीकार को ही निशाना बनाया। दोनों ट्रेनों से सैकड़ो सीलबंद नकली पेयजल की बोतलों को बरामद किया गया। दर्जनों पेटी नकली पेयजल से भरीं बोतलों को कब्जे में लेकर सील करने की कार्रवाई की गई। वहीं पकड़े वेंडरों को इलाहाबाद ले जाया गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेश पर जारी रहेगी।