महुआरी गांव में लागों को जागरूक करते जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी के लोग। संवाद
जंगीगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगीगंज के महुआरी गांव में शुक्रवार को जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी की तरफ से एचआईवी से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को एचआईवी के संक्रमण के कारण, बचाव और इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्था के डॉ. विश्व दीपक शुक्ला ने कहा कि एचआईवी के प्रति समाज में कई तरह की भ्रांतियां रहती है। जिन्हें दूर करने की जरूरत है। एचआईवी संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने, गले मिलने, साथ खाना खाने अथवा साथ रहने से संक्रमण नहीं फैलता है। असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित इंजेक्शन के इस्तेमाल तथा संक्रमित रक्त चढ़ाने से एचआईवी संक्रमण का खतरा रहता है। इसके अलावा संक्रमित मां से बच्चे में भी संक्रमण की आशंका रहती है। इस दौरान अनीश यादव, आकांक्षा, कामिनी, लवकुश, मुरलीधर, पूनम, सपना आदि मौजूद रहे।