आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इंजन में फंसा आटो तकरीबन पांच सौ मीटर तक घिसटता रहा। इससे मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। बाद में दूसरा इंजन मंगाकर मालगाड़ी को आगे भेजा गया।
औराई क्षेत्र के त्रिलोकपुर (माधोसिंह) निवासी आवेश अहमद (27) पुत्र मुर्सीद अहमद ने छह माह पूर्व मालवाहक आटो आपे खरीदा था। बुधवार को माधोसिंह बाजार से विंध्य मोटर पार्ट शुक्लहां मिर्जापुर का माल लेकर वह बुआजी के इनारा से टेढ़वा मार्ग पकड़ कर मिर्जापुर जा रहा था।
11.15 बजे के करीब गोरीडिहवा गांव के मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय आटो रेलवे ट्रैक पर बंद हो गया। चालक कुछ कर पाता इससे पहले ही वाराणसी से इलाहाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी आ पहुंची और ऑटो में जोरदार टक्कर मारते हुए गाड़ी आगे निकल गई। आटो मालगाड़ी के इंजन में फंस गया और लगभग पांच सौ मीटर तक घिसटता चला गया।
इस दौरान आटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, आटो फंसने से इंजन खराब हो गया और मालगाड़ी वहीं रुक गई। सूचना मिलने पर औराई थानाध्यक्ष सत्येंद्र यादव मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घटना के डेढ़ घंटे बाद इलाहाबाद से दूसरा इंजन मंगाकर 12.45 बजे मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया। दुर्घटना की खबर मिलने के बाद घटनास्थल पर वाराणसी से आरपीएफ कमांडेंट आरके शर्मा, सीनियर डिवीजनल मैकेनिक इंजीनियर एसएन साहू और रेलवे चिकित्साधिकारी डॉ. एसके शर्मा पहुंच गए। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया।