ज्ञानपुर। जिले के एक और हाॅकी खिलाड़ी ने कमाल किया है। पंचमहला देवनाथपुर (लक्ष्मणपट्टी) निवासी आशीष यादव का चयन यूपी की जूनियर हाॅकी टीम में हुआ है। वह 28 जुलाई से आठ अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मखमली कालीनों के लिए विश्व प्रसिद्ध कालीन नगरी भदोही में खिलाड़ियों की नर्सरी भी तैयार हो रही है। क्रिकेट में शिवम दूबे, यशस्वी जायसवाल और हर्ष दूबे जहां अंतराष्टीय स्तर पर छाए हैं वहीं हाॅकी में अमित यादव और ओम प्रकाश पाल जबकि महिला टीम में निलांजलि राय यूपी की टीम में खेल रही हैं। अब देवनाथपुर के राजेंद्र प्रसाद यादव के बेटे आशीष का चयन यूपी की जूनियर हाॅकी टीम में हुआ है। आशीष यादव के चयन पर जिला हॉकी संघ के संरक्षक शाह आलम, सचिव राजकमल, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश पाल, उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, हॉकी कोच मुनौव्वर हुसैन आदि ने खुशी जताई।