भदोही। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर साझा करने पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार की देर शाम त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक मामदेवपुर निवासी आफताब अंसारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी हो कि भदोही कोतवाली पुलिस ने पुलिस मित्रों को आपस में जोड़ने के लिए वाट्सएप पर भदोही वालंटियर ग्रुप बनाया हुआ है। जिसके एडमिन खुद कोतवाल श्रीकांत राय हैं। उन्होंने बताया कि सायं 6.30 बजे ग्रुप में किसी युवक ने पीएम मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर साझा कर दी। इतना होते ही ग्रुप सदस्यों में नाराज हो गए। बहुत से सदस्यों ने न केवल पोस्ट की निंदा की बल्कि कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रुप में ओम सिंह, भरत जायसवाल आदि ने पोस्ट कर पुलिस से दोषी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
कोतवाल ने बताया कि पोस्ट का उन्होंने स्वत: संज्ञान लेते हुए दोषी युवक आफताब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने युवक को गिरफ्तार कर लिए जाने की सूचना भी ग्रुप के सदस्यों को दी। उन्होंने लोगों से किसी ग्रुप की गरिमा बनाए रखने की भी बात कही। कोतवाल ने वाट्सएप पर चल रहे अन्य ग्रुपों के एडमिन तथा सदस्यों को भी चेताया और कहा कि किसी प्रकार के आपत्तिजनक पोस्ट से बचें अन्यथा पोस्ट करने वाले तथा उस ग्रुप के एडमिन को भी जिम्मेदार माना जाएगा।