अन्न महोत्सव महाअभियान के प्रथम दिन रविवार को खाद्य एवं रसद विभाग को नि:शुल्क राशन वितरण कराने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कहीं तेल, नमक, दाल न पहुंचने से दिक्कत हुई तो ब्लॉक गोदामों से राशन का उठान न होने और ई-पास मशीनों के फेल रहने से कई कार्डधारक कोटे की दुकानों से वापस लौटने के लिए विवश होना पड़ा। डीघ ब्लॉक के दरवांसी, इटहरा, बहपुरा, हरिरामपुर सहित कुल 17 दुकानों पर वितरण पहले ही दिन नहीं हुआ।
कार्डधारकों में इस बात की नाराजगी रही कि शासन के निर्देश पर बीते माह से ही वितरण व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान न आने देने के लिए विभागीय अधिकारी सक्रिय रहे, इसके बावजूद तैयारी पर पानी फिर गया। डीघ ब्लॉक के दरवांसी, इटहरा, बहपुरा, हरिरामपुर सहित 17 दुकानों पर वितरण नहीं हुआ। आपूर्ति निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि सामान न पहुंच पाने के कारण वितरण नहीं हुआ। जल्द ही राशन वितरण कराया जाएगा। इसी तरह भदोही ब्लॉक के भी दो दर्जन से ज्यादा दुकानों पर वितरण नहीं हुआ। यहां की निरीक्षक संगीता ने कहा कि वितरण जल्द ही कराया जाएगा। जिले के छह ब्लॉकों डीघ, औराई, ज्ञानपुर, अभोली, सुरियावां, भदोही अंतर्गत कार्यरत लगभग 730 कोटे की दुकानों पर वितरण कराया जाना है। यहां सवा तीन लाख पात्र गृहस्थी और 38266 अंत्योदय कार्डधारकों के लिए सरकार ने दिसंबर 2021 से मार्च-2022 तक माह के दोनों चरणों का राशन, एक-एक किलोग्राम नमक, तेल, दाल नि:शुल्क वितरित कराने का फरमान जारी किया है। महामारी में आर्थिक परेशानी झेल रहे गरीब, मजदूर, श्रमिक परिवारों में काफी उम्मीद जगी है कि सूखे राशन के साथ खाद्य सामान फिकी रसोई का स्वाद बदलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि प्रथम दिन वितरण शुरू कराने के लिए सभी दुकानों पर राशन समेत खाद्य सामान उपलब्ध कराकर शुभारंभ किया गया। 20 दिसंबर तक चलने वाले वितरण के लाभ से कोई भी कार्डधारक वंचित नहीं रह पाएगा। ग्रामीण स्तर पर 582 दुकानों पर 35368 कार्डधारक, नगर के 87 दुकानों पर 4229 कार्डधारकों ने वितरण का लाभ लिया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को दोपहर तक 80 फीसदी सामान गोदामों से उठान करा दिया।