चौरी। बाजार के एक निजी चिकित्सालय में मंगलवार की देर रात प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। प्रसूता की हालत भी बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराकर जांच शुरू कर दी।
चौरी थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला दो दिन पहले निजी चिकित्सालय में डिलीवरी कराने आई थी। उसे चिकित्सकों ने दो दिन बाद नार्मल डिलीवरी का आश्वासन देकर भर्ती कर लिया। मंगलवार की रात प्रसव हुआ तो बच्चा मृत अवस्था में था। दूसरी ओर महिला की हालत भी बिगड़ने लगी। यह देख परिजन चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। मामले को देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा मचाने वालों को शांत कराकर कर जांच शुरू की। परिजन देर रात तक चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए डटे रहे।